छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अगले दो दिन भारी बारिश के आसार
रायपुर- छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के सभी हिस्सों में मानसून पहुंचने के बाद लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के मध्य और दक्षिणी संभागों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है।
गुरुवार को रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इस दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा उससे लगे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और इसके अगले दो-तीन दिनों में और अधिक मजबूत होने की संभावना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक, उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए एक मौसमी द्रोणिका भी सक्रिय है। वहीं एक विंड शियर जोन भी प्रदेश के ऊपर प्रभावी बना हुआ है।
इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Reporter 