मुख्यमंत्री साय कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। दिन की शुरुआत सुबह 11:30 बजे कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन से होगी, जहां वे मुख्य अतिथि के रूप में सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे।
‘सहकार से समृद्धि’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर की सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, किसान, विशेषज्ञ और विभागीय अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन में सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने, कृषि आधारित सहकारी संस्थाओं के विस्तार तथा किसानों की आर्थिक समृद्धि से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय शाम 5:30 बजे एक निजी होटल में आयोजित संवाद संगोष्ठी में भाग लेंगे। इसके बाद शाम 6:45 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘नारी संगम’ कार्यक्रम में शामिल होकर महिलाओं को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री रात 8 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन को प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सम्मेलन में सहकारी संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण, किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझावों और योजनाओं पर चर्चा होगी।

Reporter 