CG NEWS : तहसीलदार-CMO पर एक लाख रुपये लेकर एकतरफा कार्रवाई का आरोप, न्याय की मांग को लेकर महिला ने शुरू की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
जांजगीर-चांपा / भरत सिंह चौहान। CG NEWS : जिले के नगर पंचायत नवागढ़ के राछाभाटा की रहने वाली विमला कौशिक ने नवागढ़ तहसीलदार और CMO पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विमला कौशिक का आरोप है कि अधिकारियों ने एक लाख रुपये लेकर उनके मामले में एकतरफा कार्रवाई की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विमला कौशिक के मुताबिक, सरकार की ओर से उन्हें ग्रीन कॉर्ड के तहत जमीन आवंटित की गई थी, जहां वह पिछले 16 वर्षों से रह रही हैं। उनका कहना है कि इसी जमीन से सटाकर नरेंद्र चेलक नाम के व्यक्ति ने निर्माण करा लिया है, जिसे लेकर उन्होंने कई बार प्रशासन से शिकायत की।
विमला कौशिक न्याय की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय, तहसील कार्यालय और नवागढ़ CMO कार्यालय के चक्कर काटती रहीं, लेकिन समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
विमला कौशिक का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक वह भूख हड़ताल जारी रखेंगी। अब देखना होगा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

Reporter 