छत्तीसगढ़ में 33 विदेशी शराब ब्रांड सस्ते, जॉनी वॉकर 18 ईयर के केस पर करीब 5 हजार रुपए की कमी

छत्तीसगढ़ में 33 विदेशी शराब ब्रांड सस्ते, जॉनी वॉकर 18 ईयर के केस पर करीब 5 हजार रुपए की कमी

भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते का दिखने लगा असर; आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई दरों को दी मंजूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कॉच व्हिस्की समेत 33 विदेशी शराब ब्रांडों की कीमतों में कमी आई है। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के तहत स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया गया है।

इसके बाद राज्य के आबकारी विभाग ने विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई दरें जारी की हैं। इनमें जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे ब्रांड शामिल हैं।

नई दरों के मुताबिक, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपए की कमी आई है। इसकी लैंडिंग कीमत 42,480 रुपए निर्धारित की गई है। वहीं जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपए तय की गई है। रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपए है। सिंगलटन 12 ईयर के एक केस पर 2,817 रुपए तक की कमी हुई है।

FTA 15 जुलाई से लागू, आयात शुल्क में कटौती का असर

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA) 15 जुलाई 2026 से लागू हुआ है। इसके तहत निर्धारित शर्तें पूरी करने वाली ब्रिटेन की स्कॉच व्हिस्की पर कुल प्रभावी सीमा शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किया गया है। इस कटौती से आयात की लागत कम होने की उम्मीद है।

सरकारी दुकानों पर कितनी घटेगी कीमत?

आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए नई दरों को प्रशासनिक मंजूरी दी है। हालांकि, केस की लैंडिंग कीमत में कमी का मतलब यह नहीं है कि खुदरा दुकानों पर भी उतनी ही राहत मिलेगी।

ग्राहकों को मिलने वाला वास्तविक फायदा राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण नीति, वितरण खर्च और अन्य शुल्कों पर निर्भर करेगा। इसलिए विदेशी शराब के शौकीनों को दुकानों पर नई कीमतें लागू होने का इंतजार करना होगा।