तीज मिलन में CM साय बोले- माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्राथमिकता

तीज मिलन में CM साय बोले- माताओं-बहनों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्राथमिकता

रायपुर। रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के निवास पर आयोजित तीज मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने माताओं-बहनों को तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को विशेष स्थान मिला है और महिलाएं परिवार के साथ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 31 किस्तों में 20 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, बचत और छोटे स्वरोजगार के लिए कर रही हैं।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

सीएम ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। महिलाओं को स्थायी आजीविका, कौशल और स्वरोजगार से जोड़ना भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में अब तक 13.85 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अलग-अलग आर्थिक गतिविधियों के जरिए परिवार की आय बढ़ा रही हैं।

650 करोड़ की फिल्म सिटी से मिलेंगे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराएं प्रदेश की पहचान हैं। करीब 650 करोड़ रुपए की लागत से फिल्म सिटी तैयार की जा रही है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म निर्माण से जुड़े नए अवसर मिलेंगे। समारोह में लोक कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत प्रस्तुत कर महिलाओं का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने उनके निवास पर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, कलाकार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।