छत्तीसगढ़ में 99% बोनी पूरी, 48.44 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। 22 सितंबर की स्थिति में प्रदेश में 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का 99 प्रतिशत है। सरकार ने खरीफ सीजन 2026 में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा है। धान के साथ मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की भी बोनी की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण बनाए रखने को कहा है। खाद-बीज वितरण में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं।
13.14 लाख मीट्रिक टन खाद का वितरण
खरीफ सीजन के लिए राज्य में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्रों में 17.64 लाख मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया गया है। इसमें से किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन खाद वितरित हो चुकी है, जो लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।
इसी तरह प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य 4.95 लाख क्विंटल रखा गया है। अब तक 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण और 4.58 लाख क्विंटल का वितरण किया जा चुका है। यह मांग का करीब 93 प्रतिशत है।
1008.1 मिमी बारिश दर्ज
22 सितंबर सुबह तक प्रदेश में 1008.1 मिमी औसत बारिश दर्ज हुई है। राज्य की औसत वार्षिक बारिश 1246.3 मिमी है। पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत बारिश 1061.6 मिमी के मुकाबले इस बार 53.5 मिमी कम वर्षा हुई है। पिछले साल इसी अवधि में 881.4 मिमी बारिश दर्ज हुई थी।
किसानों को 8125 करोड़ का कृषि ऋण
किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए चालू खरीफ सीजन में 21 सितंबर तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपए का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया गया है। पिछले साल इसी अवधि में 6740.75 करोड़ रुपए का ऋण दिया गया था। इस सीजन में 8800 करोड़ रुपए ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है।

Reporter 