महानदी विवाद पर आज दिल्ली में अहम बैठक, अमित शाह की अध्यक्षता में साय-माझी करेंगे चर्चा

महानदी विवाद पर आज दिल्ली में अहम बैठक, अमित शाह की अध्यक्षता में साय-माझी करेंगे चर्चा

दिल्ली। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर गुरुवार को नई दिल्ली में अहम बैठक होगी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे। दोनों राज्यों के मुख्य सचिव और तकनीकी अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।

बैठक में महानदी के जल बंटवारे, पानी के समुचित प्रबंधन और दोनों राज्यों के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। हाल में महानदी बेसिन में हुई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जल प्रबंधन और बाढ़ नियंत्रण भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकते हैं।

2018 से न्यायाधिकरण में लंबित है विवाद

महानदी जल बंटवारे का विवाद वर्ष 2018 से महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण के समक्ष लंबित है। ओडिशा ने छत्तीसगढ़ में महानदी के ऊपरी हिस्से में बनाए गए बैराज और जल परियोजनाओं को लेकर आपत्ति जताई थी।

ओडिशा का कहना रहा है कि कम पानी वाले मौसम में इन परियोजनाओं के कारण उसके हिस्से में नदी का प्रवाह प्रभावित होता है। वहीं, छत्तीसगढ़ अपने हिस्से के पानी के उपयोग और जल परियोजनाओं को लेकर अपना पक्ष रखता रहा है। दोनों राज्यों के लिए महानदी कृषि, पेयजल और औद्योगिक जरूरतों का महत्वपूर्ण स्रोत है।

30 जुलाई को भी हुई थी बैठक

विवाद के समाधान को लेकर 30 जुलाई को भी दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें संवाद और तकनीकी स्तर पर समन्वय के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने पर चर्चा हुई थी।

इसके बाद 20 सितंबर को ओडिशा दौरे के दौरान सीएम साय ने मोहन चरण माझी से मुलाकात की थी। साय ने कहा था कि महानदी विवाद के समाधान को लेकर सकारात्मक वातावरण बना है। अब दिल्ली में होने वाली बैठक को दोनों राज्यों के बीच आगे की बातचीत के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं।