पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रमुख योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश

पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रमुख योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के दिए निर्देश

धान खरीदी में रकबा संबंधी शिकायतों का कलेक्टर स्वयं जांच कर करें त्वरित निराकरण : मुख्यमंत्री

जल जीवन मिशन एवं अमृत 2.0 के कार्यों को प्राथमिकता से निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण

घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने के कार्यों में लाएं तेजी, पीएनजी के लाभों से आमजन को कराएं अवगत

महत्वपूर्ण योजनाओं को टीएल बैठक में शामिल कर नियमित समीक्षा करें कलेक्टर : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर,  नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय, महानदी भवन में पारस पोर्टल की तृतीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं, विकास परियोजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में जारी धान खरीदी के दौरान किसानों से प्राप्त रकबा कम होने संबंधी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी कलेक्टरों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतें प्राप्त होने पर कलेक्टर स्वयं जांच कर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अंतर्गत सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाई जाए। रायपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में इस दिशा में सराहनीय कार्य हो रहा है, जबकि कुछ जिलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को योजना के क्रियान्वयन में विशेष रुचि लेने और कार्यों को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एलपीजी की तुलना में पीएनजी की किफायत, सुरक्षा एवं उपयोगिता संबंधी लाभों से आम नागरिकों को अवगत कराया जाए। उन्होंने जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों के लिए संचालित सामुदायिक रसोईघरों, सर्किट हाउस सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

जल जीवन मिशन के कार्यों में लाएं तेजी, ठेकेदारों का समय पर सुनिश्चित करें भुगतान

मुख्यमंत्री श्री साय ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की यह अत्यंत महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी योजना है। सभी कलेक्टर इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाएं तथा मासिक समीक्षा कर समयबद्ध ढंग से लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। बेहतर कार्य करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित करें तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री ने मिशन अमृत 2.0 की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं एवं सीवेज परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली और कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश बंसल ने विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।

विकास परियोजनाओं से संबंधित लंबित वन स्वीकृतियों का शीघ्र करें निराकरण

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व लंबित कार्रवाई पूर्ण करने तथा आवश्यक प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को प्रेषित कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।