छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बदलेगा मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवा के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जबकि मुंगेली और बलरामपुर में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ सकती हैं।
बारिश के साथ कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच सक्रिय अलग-अलग मौसम प्रणालियों का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना जताई गई है। रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में 7 अक्टूबर की शाम या रात को बारिश अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शहर में दिन का तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Reporter 