सिंगापुर दौरे से लौटे सीएम साय, छत्तीसगढ़ को मिले 43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चार दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद 7 अक्टूबर को रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि 3 से 6 अक्टूबर तक चले दौरे के दौरान सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को उद्योग जगत के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश के लिए कुल 43,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जिन निवेश समझौतों और प्रस्तावों को आगे बढ़ा रही है, उनकी पूरी जांच-परख की जा रही है और इनका लाभ प्रदेश में रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों के रूप में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दौरे के दौरान सबसे बड़ा प्रस्ताव एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से आया, जिसने 41,750 करोड़ रुपये के निवेश की योजना बताई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ में एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने का प्रस्ताव है। वहीं सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से सोलर प्रोजेक्ट, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट के लिए 1,500 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता सामने आई। एग्री बिजनेस क्षेत्र में वैलेंसी इंटरनेशनल की ओर से 350 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव भी मिला, जिससे कुल निवेश प्रस्ताव 43,600 करोड़ रुपये तक पहुंचा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंगापुर की ITE Education Services के साथ कौशल विकास को लेकर एमओयू भी किया गया है। उन्होंने संस्था के परिसर का दौरा कर वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली। साय ने कहा कि उद्योगों की जरूरत के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने से प्रदेश के रोजगार अवसर मजबूत हो सकते हैं। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ में निवेश और साझेदारी के लिए चर्चा की तथा प्रदेश आने का न्योता दिया।

Reporter 