कांकेर में डेढ़ लाख की रिश्वत लेते GST अधिकारी गिरफ्तार, स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने मांगी थी रकम; ACB ने घर पर मारा छापा
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने राज्य GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के बदले रकम मांगी थी।
शनिवार को जगदलपुर ACB की टीम ने अधिकारी के घर पर कार्रवाई की। इस दौरान रिश्वत की रकम घर के बाहर नाली में फेंक दी गई, जहां से नोटों के बंडल बरामद किए गए। मामले में कथित मध्यस्थ इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
10 लाख की पेनाल्टी की धमकी, 2 लाख में तय हुआ सौदा
शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी स्क्रैप से भरी गाड़ी को बिल होने के बावजूद रोक लिया गया था। गाड़ी में लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपए थी।
कारोबारी का आरोप है कि अधिकारी ने 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाने और गाड़ी जब्त करने की बात कही। बाद में मामला निपटाने के लिए 2 लाख रुपए मांगे गए। बातचीत के बाद डेढ़ लाख रुपए देने पर सहमति बनी। इसमें 50 हजार रुपए पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और बाकी रकम घर पहुंचाने की बात तय हुई।
ACB को शिकायत के बाद बिछाया जाल
कारोबारी ने इसकी शिकायत ACB से की थी। जांच के बाद टीम ने शनिवार को अधिकारी के घर पर दबिश दी। आरोप है कि इमरान मेमन रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा और अधिकारी को दी। कार्रवाई की भनक लगने पर उसने नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए।
ACB ने मौके से रकम बरामद की। ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, इमरान मेमन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Reporter 