CG Accident : छत्तीसगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई बाइक; एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल!
अभनपुर। खोरपा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों के साथ गंभीर दुर्घटना हो गई। जानकारी के मुताबिक, कल्पतरु प्लांट के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक सवार दो युवक जा टकराए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि कल्पतरु प्लांट होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर कई वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। ऐसे में सड़क पर खड़े वाहनों की वजह से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
हादसे के बाद बाइक सवार युवकों के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। यह पूरा मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है।
Reporter 