पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में जशपुर से निकला शिवभक्तों का जत्था, बाबा बैद्यनाथ धाम में किया जलाभिषेक

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में जशपुर से निकला शिवभक्तों का जत्था, बाबा बैद्यनाथ धाम में किया जलाभिषेक

जशपुर। सावन मास में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और सनातन परंपरा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से इस वर्ष भी शिवभक्तों का जत्था झारखंड स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचा। श्रद्धालुओं ने बिहार के पावन तीर्थ सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल विधिवत कांवर में उठाकर कठिन एवं तपस्वी पदयात्रा पूरी की तथा बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, प्रदेश की उन्नति और समस्त जनमानस के कल्याण की प्रार्थना की।
इस धार्मिक यात्रा का नेतृत्व पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय ने किया। उनके नेतृत्व में शिवभक्तों ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से देश में शांति, सामाजिक समरसता, समृद्धि तथा विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
गौरतलब है कि जशपुर से बाबा बैद्यनाथ धाम की यह श्रद्धायात्रा वर्षों से निरंतर जारी है। पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय के नेतृत्व में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त इस पावन यात्रा में शामिल होकर सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। इस वर्ष भी इस गौरवशाली परंपरा का निर्वहन पूरे उत्साह, अनुशासन और श्रद्धा के साथ किया गया।
यात्रा में सत्येन्द्र सिंह, विनोद मिश्रा, सुनील अग्रवाल, सुनील सोनी, संजय सोनी, आलोक राय, सतीश जायसवाल, कर्ण राय, कनक चिंडालिया, राजकुमार गुप्ता, अमरकान्त वर्मा, प्रमोद मिश्रा एवं आशु राय सहित अनेक शिवभक्त शामिल रहे। सभी श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत जशपुर सहित पूरे देश की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
सावन के पावन अवसर पर संपन्न हुई यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि भारतीय सनातन संस्कृति, सामूहिक श्रद्धा और सामाजिक एकता का भी सशक्त संदेश देकर श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुई।