अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी : मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से तथा रविवार और मंगलवार को दिल्ली से चलेगी ट्रेन

अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी, रेलवे बोर्ड ने दी मंजूरी : मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से तथा रविवार और मंगलवार को दिल्ली से चलेगी ट्रेन

अंबिकापुर। उत्तर छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रेलवे बोर्ड ने अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (22407/22408) की आवृत्ति बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन के बजाय सप्ताह में दो दिन संचालित होगी।

रेल मंत्रालय के रेलवे बोर्ड द्वारा 19 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, जो वर्तमान में प्रत्येक गुरुवार को संचालित होती है, अब मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस, जो अभी मंगलवार को संचालित होती है, अब रविवार और मंगलवार को चलेगी।

रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोनों एवं मंडलों को निर्देश दिया है कि नई व्यवस्था को शीघ्र प्रभाव से लागू किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त फेरे को विशेष ट्रेन के रूप में प्रारंभ किया जा सकता है।

इस निर्णय से सरगुजा संभाग, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और यात्रियों द्वारा ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने की मांग की जा रही थी।

रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) संजय आर. नीलम द्वारा जारी आदेश की प्रति दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर, पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, उत्तर रेलवे नई दिल्ली एवं उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज को भेजी गई है।