पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा 28 जून को, जशपुर में 411 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा 28 जून को, जशपुर में 411 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

जशपुरनगर, 22 जून। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, नवा रायपुर द्वारा आयोजित पीएटी-पीवीपीटी प्रवेश परीक्षा 28 जून को जिले के दो परीक्षा केंद्रों में संपन्न होगी। इस परीक्षा में कुल 411 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए जिले में दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें शासकीय राजीव भवन एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर तथा शासकीय विजय भूषण सिंहदेव कन्या महाविद्यालय, जशपुर शामिल हैं।

परीक्षा संचालन एवं समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

परीक्षार्थियों के लिए विशेष निर्देश

कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अभ्यर्थियों को परीक्षा से पूर्व कुछ महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें तथा परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचें, ताकि उनकी फ्रिस्किंग एवं पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काला, गहरा नीला, हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी तथा गहरे चॉकलेटी रंग के वस्त्र प्रतिबंधित रहेंगे।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर आने तथा कानों में किसी प्रकार के आभूषण नहीं पहनने की सलाह दी गई है।

मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, पाउच तथा अन्य संचार उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। अभ्यर्थी केवल काले अथवा नीले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ ला सकेंगे।

परीक्षा में अनुचित साधनों पर होगी सख्त कार्रवाई

✔ परीक्षा केंद्र में मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित।

✔ परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश बंद।

✔ केवल मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र मान्य होगा।

✔ नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर अभ्यर्थिता तत्काल निरस्त की जाएगी।

✔ निर्धारित ड्रेस कोड एवं सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य होगा।

परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने अभ्यर्थियों से सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।