CG Crime : साइबर ठगी का नया तरीका, RTO ई-चालान बनकर भेजी APK फाइल और उड़ा दिए लाखों
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां आरटीओ (RTO) के ई-चालान के नाम पर भेजी गई एक APK फाइल ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा दिया। ठगों ने फर्जी ई-चालान भेजकर युवक को अपने जाल में फंसाया और उसके बैंक खाते से 2 लाख 63 हजार 673 रुपये पार कर दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर मोवा निवासी आशीष वर्मा (35 वर्ष) हिंदूजा फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं। 6 जून को दोपहर करीब 12:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ के ई-चालान संबंधी मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में चालान की जानकारी APK फाइल के रूप में भेजी गई थी।
आशीष ने इसे वास्तविक ई-चालान समझकर फाइल को डाउनलोड और ओपन कर लिया। आरोप है कि APK फाइल खुलते ही साइबर ठगों ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और कुछ ही समय में उनके एक्सिस बैंक खाते से 2.63 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर ली।
घटना की जानकारी बाद में मिलने पर पीड़ित ने आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन और आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Reporter 