डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से राजनांदगांव में 90 लाख के विकास कार्य स्वीकृत
रायपुर । विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के सतत प्रयासों से राजनांदगांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिलने वाली है। मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के लिए 72.29 लाख रुपये की लागत के 17 विभिन्न अधोसंरचना निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में ग्राम ईरा में पुलिया निर्माण, मनकी में मुक्तिधाम निर्माण, फुलझर में अहाता निर्माण, डिलापहरी में शेड निर्माण, बरगा में गली कंक्रीटीकरण, सुरगी में शेड निर्माण एवं निर्मला घाट निर्माण, कुम्हालोरी और भंडारपुर में सी.सी. रोड निर्माण, आरला में सामुदायिक भवन निर्माण, कोटराभाठा में शेड निर्माण सहित कुल 17 विकास कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर आवागमन एवं सामाजिक अधोसंरचना का लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही, महात्मा गांधी नरेगा से अभिसरण के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राजनांदगांव जिले को 3 महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की भी स्वीकृति प्राप्त हुई है।जिसमें राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम टेडेसरा एवं डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम भैसरा में लगभग 18-18 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवनों का निर्माण और बेलगांव (वि.खं. डोंगरगढ़) में 14 लाख रुपये की लागत से उचित मूल्य की दुकान का निर्माण कराया जाएगा।
इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति से राजनांदगांव जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, स्थानीय स्तर पर जनसुविधाएं सुदृढ़ होंगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।
इन विकास कार्यों की स्वीकृति पर राजनांदगांववासियों ने विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और प्रभावी पहल के परिणामस्वरूप जिले को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राजनांदगांव के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विकास का यह क्रम आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा जनता को मूलभूत सुविधाओं का लाभ तेजी से प्राप्त होगा।

Reporter 