गरियाबंद के विकास का नया रोडमैप तैयार! कलेक्टर रणबीर शर्मा ने खोले प्राथमिकताओं के पत्ते, पर्यटन से शिक्षा तक बड़े बदलाव पर जोर

गरियाबंद के विकास का नया रोडमैप तैयार! कलेक्टर रणबीर शर्मा ने खोले प्राथमिकताओं के पत्ते, पर्यटन से शिक्षा तक बड़े बदलाव पर जोर

गरियाबंद।  नवपदस्थ कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पदभार संभालने के बाद जिले के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही पर्यटन, शिक्षा, सड़क और अधोसंरचना के विकास पर विशेष फोकस किया जाएगा।

केंद्रीय विद्यालय और आधुनिक पुस्तकालय की पहल

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि गरियाबंद में केंद्रीय विद्यालय खोलने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए।

ईको पार्क को मिलेगा नया स्वरूप

जिला मुख्यालय के ईको पार्क का पुनर्विकास किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि पार्क को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जिले में आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने गरियाबंद की प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को जिले की ताकत बताते हुए पर्यटन स्थलों के विकास और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

सड़कों के काम में तेजी, गुणवत्ता पर भी नजर

जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन सड़कों को जल्द पूरा कराने पर भी कलेक्टर ने जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश देने की बात कही।

स्कूलों में शिक्षक समय पर पहुंचें, पढ़ाई पर रहे पूरा फोकस

कलेक्टर ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचने और नियमित कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की उपस्थिति और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने की बात कही।

उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सभी शिक्षकों को पूरी जिम्मेदारी व समर्पण के साथ काम करना होगा।

मीडिया को बताया प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी

बैठक में कलेक्टर ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।