छत्तीसगढ़ आ रहे RSS प्रमुख मोहन भागवत, दो दिवसीय प्रवास में इन कार्यक्रमों में होंगे शामिल
रायपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे 22 अक्टूबर को शाम 4 बजे गोंडवाना एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक और बौद्धिक चर्चा करेंगे।
बिलासपुर में बौद्धिक वर्ग को करेंगे संबोधित
डॉ. मोहन भागवत बिलासपुर पहुंचने के बाद कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित बौद्धिक वर्ग में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में केवल बिलासपुर जिले के संघ पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे बिलासपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
23 अक्टूबर को होगी प्रांतीय टोली की बैठक
दौरे के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को संघ की प्रांतीय टोली की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में देश की विभिन्न समस्याओं और उनसे जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक पूरी होने के बाद डॉ. मोहन भागवत देर शाम जबलपुर के लिए रवाना होंगे। वहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

Reporter 