SECR के 216 रेलवे स्टेशनों पर आज ‘रेल जनसंवाद’, यात्रियों से सीधे सुझाव लेंगे अधिकारी
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों के कुल 216 रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान 6.0 के तहत एक दिवसीय ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं को सुनना, सुझाव प्राप्त करना और रेलवे की सेवाओं को अधिक बेहतर एवं सुविधाजनक बनाना है।
कार्यक्रम की शुरुआत बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की उपस्थिति में होगी। वहीं, चांपा रेलवे स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू और उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन की मौजूदगी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ लंबे समय से लंबित शिकायतों और संदर्भों के निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा, सरकारी अभिलेखों के बेहतर प्रबंधन, कार्यालयों में अनुपयोगी सामग्री एवं ई-कचरे के नियमानुसार निस्तारण तथा नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
अभियान के तहत लंबित मामलों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, भौतिक फाइलों की जांच कर अनुपयोगी फाइलों को अलग किया जा रहा है। रेलवे कार्यालयों, स्टेशनों और अन्य परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ इन गतिविधियों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
इन प्रयासों से कार्यालयों में उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग करने और अनुपयोगी सामग्री व स्क्रैप के निस्तारण के माध्यम से राजस्व अर्जित करने में भी मदद मिल रही है।
‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों, युवाओं तथा आम नागरिकों से सीधे बातचीत करेंगे। इस दौरान यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य रेल सेवाओं से जुड़े अनुभवों, सुझावों एवं शिकायतों को सुना जाएगा।
प्राप्त शिकायतों और सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रेलवे अधिकारी स्टेशनों और ट्रेनों में भी नियमित रूप से जनसंवाद कर रहे हैं। यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर रेलवे सेवाओं में सुधार करने का प्रयास किया जाएगा।
रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और यात्री-केंद्रित बनाना है।

Reporter 