सहकारी बैंक घोटाले पर सरकार का बड़ा प्रहार: कार्रवाई से लौटी किसानों की उम्मीद, फिर शुरू हुआ खाद-बीज वितरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सहकारी बैंक शाखाओं में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं पर बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए प्रभावित किसानों को राहत देने की दिशा में निर्णायक कार्रवाई की है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर के अंतर्गत शंकरगढ़, कुसमी, रामानुजगंज और रामचंद्रपुर क्षेत्र की समितियों में वर्ष 2020-21 से 2023-24 के बीच सामने आए अनियमितता और गबन के मामलों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है।
सरकार की पहल के बाद प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को दोबारा खाद और बीज मिलना शुरू हो गया है, जिससे आगामी कृषि सीजन की तैयारियों को नई गति मिली है। लंबे समय से राहत की प्रतीक्षा कर रहे किसानों में अब भरोसा लौटता दिखाई दे रहा है।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री के विशेष प्रयासों के बाद प्रशासनिक स्तर पर तेजी से कदम उठाए गए। अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। कई कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के मुताबिक, प्रभावित शाखाओं से जुड़े लगभग 497 किसानों की शिकायतों में 30 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। इन अनियमितताओं के कारण किसानों को समय पर नकद ऋण, खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे।
सरकार ने राहत योजना के तहत संबंधित समितियों को पात्र किसानों की सूची तैयार कर मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए हैं। सूची प्राप्त होने के बाद ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया तेज की जा रही है ताकि किसानों को समय पर कृषि संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा और किसी भी स्तर की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा रही है और सरकार निष्पक्ष जांच का स्वागत करती है।
सरकार का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल दोषियों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सहकारी व्यवस्था में पारदर्शिता स्थापित कर किसानों का विश्वास मजबूत करना भी है। आगामी कृषि सीजन को देखते हुए राहत और वितरण व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Reporter 