CG- इस गांव में नन्हे गजराज की छट्ठी की धूम, पारंपरिक रीति-रिवाजों से होगा नामकरण; कई गांवों को मिला न्योता…..

CG- इस गांव में नन्हे गजराज की छट्ठी की धूम, पारंपरिक रीति-रिवाजों से होगा नामकरण; कई गांवों को मिला न्योता…..

कोरबा। प्रकृति और इंसान के बीच के मधुर रिश्तों की एक बेहद भावुक और सुंदर तस्वीर कोरबा वन मंडल से सामने आई है। करतला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम साजापानी में तीन दिन पूर्व जन्मे एक नन्हें बेबी एलीफेंट हाथी के बच्चे के आगमन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नन्हे मेहमान के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा है और ग्रामीणों ने इसे अपने परिवार के नए सदस्य की तरह अपनाया है।

ग्रामीणों ने आपसी रजामंदी से यह अनूठा फैसला किया है कि, इस नन्हे मेहमान का स्वागत बिल्कुल वैसे ही किया जाएगा, जैसे किसी मानव परिवार में नवजात शिशु के जन्म पर किया जाता है। गांव वालों का यह स्नेह और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता हर किसी का दिल जीत रही है।

इस अनूठी पहल के तहत आगामी 25 अक्टूबर रविवार को पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नन्हे बेबी एलीफेंट की छट्टी मनाई जाएगी। इस आयोजन में सिर्फ साजापानी ही नहीं, बल्कि आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके लिए बकायदा निमंत्रण कार्ड छपवाया गया है।

इस अनूठे उत्सव में सहभागिता के लिए ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के आला अफसरों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को विशेष निमंत्रण भेजा है। खुशियों के इस अवसर को साझा करने और सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आसपास के सभी हाथी-प्रभावित गांवों में परंपरागत ‘झारा-झारा नेवता’ देकर ग्रामीणों को सादर आमंत्रित किया गया है।