ब्रेकिंग: तीन शिक्षक निलंबित, इस वजह से नौकरी पर गिरी गाज, जाने पूरा मामला…..
सरगुजा। गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता और 48 घंटे से ज्यादा समय तक जेल में रहने के कारण छत्तीसगढ़ सरगुजा जिले के अलग-अलग स्कूलों में पदस्थ रहे तीन शिक्षकों को डीईओ डॉ दिनेश झा ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया है। आदेश की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है, इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
उदयपुर विकासखंड के प्राथमिक शाला पेण्डरखी के प्रधान पाठक विजय कुमार यादव पर हत्या का प्रयास का गंभीर मामला पुलिस ने दर्ज किया है। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने प्रधान पाठक विजय कुमार को हत्या के प्रयास की धारा 307 और अन्य गंभीर अपराधों में 5 साल की सजा सुनाई थी। इसके बाद वे करीब 9 महीने अंबिकापुर जेल में निरुद्ध रहे।
प्राथमिक शाला जरहाडीह के सहायक शिक्षक त्रिपाल टोप्पो और कटघोरियापारा के प्रधान पाठक राजकुमार पैकरा को मणिपुर थाने में दर्ज मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। क्रिप्टोकरेंसी और शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर गंभीर धोखाधड़ी और ठगी का इन दोनों शिक्षकों पर गंभीर आरोप है। एक पीड़ित ने 10 हजार रुपए ठगी का मामला दर्ज कराया है। त्रिपाल टोप्पो 36 दिन तक न्यायिक अभिरक्षा में रहे। राजकुमार पैकरा 73 दिन तक न्यायिक अभिरक्षा में रहे।
डीईओ सरगुजा दिनेश झाा ने तीनों शिक्षकों के कृत्य को पदीय गरिमा और सिविल सेवा आचरण नियमों के खिलाफ मानते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिया है। निलंबन अवधि में विजय कुमार यादव का मुख्यालय बतौली, सीतापुर तय किया गया है। त्रिपाल टोप्पो का मुख्यालय मैनपाट रखा गया है। राजकुमार पैकरा का मुख्यालय बतौली बीईओ कार्यालय नियत किया गया है। सरगुजा जिले में शिक्षा विभाग में बीते एक साल में पहले भी ऐसे तीन मामले सामने आ चुके हैं। तब भी शिक्षकों के जेल जाने के कारण निलंबन की कार्रवाई हुई थी। इसके बाद ये तीन नए मामले सामने आए हैं।

Reporter 