मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का महिलाओं को बड़ा तोहफा: महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी,मुख्यमंत्री ने 66 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में भेजे ₹626 करोड़, अब तक ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि का हुआ सीधा हस्तांतरण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का महिलाओं को बड़ा तोहफा: महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी,मुख्यमंत्री ने 66 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में भेजे ₹626 करोड़, अब तक ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि का हुआ सीधा हस्तांतरण

रायपुर, 11 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं एवं बहनों के बैंक खातों में ₹626 करोड़ से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे हस्तांतरित की गई।

29वीं किस्त जारी होने के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की सभी हितग्राही महिलाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और सम्मान का नया अध्याय लिख रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक ₹18,800 करोड़ से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। इससे लाखों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है और महिलाओं की सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी लगातार मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उन्हें यह जानकर संतोष है कि योजना से प्राप्त राशि का उपयोग प्रदेश की माताएं-बहनें घर के दैनिक खर्चों के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बचत और सुकन्या समृद्धि योजना जैसे भविष्य सुरक्षित करने वाले कार्यों में कर रही हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ महिलाओं में आत्मनिर्भरता की भावना भी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ऐसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता नहीं दे रही, बल्कि उन्हें स्वाभिमान, सम्मान और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी प्रदान कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोहराया कि उनकी सरकार "नारी सशक्तीकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला है" की सोच के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना आने वाले समय में भी लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बनी रहेगी।