कैफेे में चल रही थी देर रात पार्टी,पुलिस के छापा में डीजे जब्त,लाइसेंस भी होगा निरस्त

कैफेे में चल रही थी देर रात पार्टी,पुलिस के छापा में डीजे जब्त,लाइसेंस भी होगा निरस्त

 

रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित 'फर्जी कैफे' में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने छापा मारकर डीजे जब्त किया और कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है। तेलीबांधा पुलिस को रात साढ़े12 बजे सूचना मिली थी कि वीआईपी रोड स्थित फर्जी कैफे बेबीलॉन इंटरनेशन के फर्जी कैफे में डीजे की धुन पर युवक-युवतियों के द्वारा पार्टी की जा रही है। इस सूचना को सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने गंभीरता से लिया और तेलीबांधा पुलिस को छापा मारने के निर्देश दिए। इसके बाद तेलीबांधा पुलिस की टीम रात करीब 1.15 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कैफे में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे, तेज आवाज में डीजे बज रहा था और शराब पार्टी चल रही थी। पुलिस ने मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की। मामले में कोर्ट में इस्तगासा (लिखित शिकायत) भी पेश किया गया है। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि कैफे द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है। देर रात तक बिना अनुमति पार्टी आयोजित करना और तेज ध्वनि में डीजे बजाना नियमों के खिलाफ है। इस संबंध में कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है।