छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 1 नवंबर से, शाह-मंडाविया होंगे शामिल; एयर शो और बॉलीवुड नाइट भी

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 1 नवंबर से, शाह-मंडाविया होंगे शामिल; एयर शो और बॉलीवुड नाइट भी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर राज्योत्सव 2026 का आयोजन 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर के तूता मेला मैदान में होगा।

तीन दिवसीय आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर्स की प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति भी देखने को मिलेगी।

इस बार राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। आयोजन के दौरान पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य प्रस्तुति देंगे। वहीं, स्थानीय कलाकार प्रदेश की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित करेंगे। 3 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह के साथ आयोजन का समापन होगा।

9 विमानों के साथ दिखेगा एयर शो

राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम हवाई करतब दिखाएंगी।

सूर्यकिरण टीम के करीब 40 मिनट के शो में 9 विमान फॉर्मेशन फ्लाइंग और एयरोबेटिक स्टंट्स का प्रदर्शन करेंगे। हालांकि, एयर शो की तारीख और समय की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

40 हजार वाहनों की पार्किंग

आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए 6 रूट तय किए गए हैं। अलग-अलग मार्गों पर आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। दर्शक पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर पैदल मेला परिसर तक पहुंच सकेंगे।

आयोजन स्थल पर विशाल डोम बनाए जा रहे हैं। इनमें 60 LED स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसके अलावा 300 शौचालय, 20 बेड का अस्पताल, ICU, 25 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी।

40 अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे

राज्योत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

विभागीय प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, निवेश, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी। महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी फोकस रहेगा।