शराब पीने के बाद बसपा पार्षद समेत 2 की मौत, जहरीले पदार्थ की आशंका

शराब पीने के बाद बसपा पार्षद समेत 2 की मौत, जहरीले पदार्थ की आशंका

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में देशी शराब पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में बसपा पार्षद समेत दो लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) और निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) के रूप में हुई है। दोनों ने शुक्रवार देर शाम दो अन्य साथियों के साथ शराब पी थी। घर पहुंचने के बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

सिम्स और अपोलो अस्पताल में हुई मौत

जानकारी के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया।

रामखिलावन जांगड़े को सिम्स में भर्ती कराया गया, जबकि जोहितराम खरे का अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

शराब सेवन के दौरान मौजूद कमल नाथ खरे उर्फ राजा की भी शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, एक अन्य साथी मुकेश कश्यप उर्फ गोलू को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका

दोनों की मौत के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिला होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम और विसरा जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। दोनों शवों का बिलासपुर में पोस्टमॉर्टम कराया जाना है।

एसडीओपी तोपेश वर्मा के मुताबिक, चारों ने सादी देशी शराब का सेवन किया था। इसके बाद दो लोगों की तबीयत बिगड़ी और उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मौत शराब में मिलावट के कारण हुई या इसकी कोई दूसरी वजह थी।