रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं: छत्तीसगढ़ की 13 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल तक कैंसिल; झारसुगुड़ा और अकलतरा सेक्शन में चलेगा काम

रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं: छत्तीसगढ़ की 13 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल तक कैंसिल; झारसुगुड़ा और अकलतरा सेक्शन में चलेगा काम

बिलासपुर। रेल सफर करने वाले यात्रियों के लिए आने वाले दिन परेशानी भरे हो सकते हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अधोसंरचना विकास कार्यों के चलते हावड़ा-मुंबई रूट की 13 महत्वपूर्ण पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। ये गाड़ियां 31 मार्च से 11 अप्रैल तक पटरियों पर नहीं दौड़ेंगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन के निर्माण कार्य को गति दी जा रही है। इसके साथ ही अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन की कनेक्टिविटी का अनिवार्य कार्य किया जाना है। तकनीकी सुधार और परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से लिए जा रहे इस ब्लॉक के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

इन जिलों के यात्री होंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
हावड़ा-मुंबई मुख्य मार्ग पर काम होने के कारण छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों बिलासपुर, रायपुर, रायगढ़ और कोरबा के यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। दैनिक यात्रियों के लिए लाइफलाइन मानी जाने वाली मेमू पैसेंजर ट्रेनों के बंद होने से नौकरीपेशा और छोटे व्यापारियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा।

गोंदिया में भी चल रहा है काम
इससे पहले भी नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन पर वॉशेबल एप्रन निर्माण के कारण 10 ट्रेनों को रद्द किया गया था। रेलवे का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद ट्रेनों की गति और समयबद्धता में सुधार होगा। हालांकि, एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों के कैंसिल होने से यात्री अब बस और निजी वाहनों के विकल्प तलाशने को मजबूर हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन निकलने से पहले रेलवे की हेल्पलाइन नंबर 139 या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन की स्थिति जांच लें।