सिक्किम दौरे पर मोदी ने बच्चों संग खेली फुटबॉल: बोले- ऊर्जा से भर गया, 50वें स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल

सिक्किम दौरे पर मोदी ने बच्चों संग खेली फुटबॉल: बोले- ऊर्जा से भर गया, 50वें स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं। मंगलवार सुबह गंगटोक में उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर सबका ध्यान खींचा।

ट्रैक सूट में नजर आए पीएम ने बच्चों के साथ खेलते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने लिखा कि इन बच्चों के साथ फुटबॉल खेलकर वे ऊर्जा से भर गए। गंगटोक की खूबसूरत सुबह और बच्चों के साथ बिताए इस पल को उन्होंने खास अनुभव बताया।

प्रधानमंत्री आज सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे करीब 4 हजार करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी, पर्यटन, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

नामची में 100 बेड का अस्पताल, देवराली में 30 बेड का अस्पताल, तीस्ता नदी पर दो डबल लेन स्टील पुल और गंगटोक में सिविल सर्विस ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट जैसे प्रोजेक्ट प्रमुख हैं। इसके बाद पीएम राजधानी में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

इससे पहले सोमवार शाम को गंगटोक पहुंचने पर पीएम मोदी ने लिबिंग हेलिपैड से गवर्नर हाउस तक रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका स्वागत किया। पीएम ने लोगों से मुलाकात की और अभिवादन स्वीकार किया।

गौरतलब है कि सिक्किम 16 मई 1975 को भारत का 22वां राज्य बना था। इस ऐतिहासिक मौके के 50 साल पूरे होने पर राज्य में एक साल से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका समापन आज प्रधानमंत्री की मौजूदगी में होगा।