सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ा एक्शन, अवैध रेत भंडारण सीलबंद, दो ट्रैक्टर जब्त

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ा एक्शन, अवैध रेत भंडारण सीलबंद, दो ट्रैक्टर जब्त

रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिला प्रशासन ने अवैध रेत कारोबार पर शिकंजा कस दिया है। प्रशासन ने मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण स्थल को सीलबंद करने के साथ ही अवैध परिवहन में लगे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और पारदर्शी प्रशासन के संकल्प के तहत कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खनिज विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण की शिकायत दर्ज होने के बाद जांच की गई। जांच के उपरांत संबंधित भंडारणकर्ता को 15 जुलाई 2026 को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया, लेकिन निर्धारित समय में दस्तावेज नहीं देने पर छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 के तहत रेत भंडारण स्थल को सीलबंद कर दिया गया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली अन्य शिकायतों के आधार पर मरवाही और पिपरिया क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया है। दोनों वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।