श्रीलंका से लौटते ही टीम इंडिया का फिटनेस टेस्ट, पंत-जडेजा समेत इन खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
Team India Fitness Test: श्रीलंका दौरा खत्म होते ही भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने अगले मिशन की तैयारी शुरू कर दी है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज खत्म होने के महज 48 घंटे बाद ही सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले कई खिलाड़ी बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पहुंचे, जहां नए सीजन से पहले उनका फिटनेस असेसमेंट किया गया।
आने वाला क्रिकेट सीजन भारतीय खिलाड़ियों के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। घरेलू क्रिकेट से लेकर इंटरनेशनल मुकाबलों और अलग-अलग फॉर्मेट की सीरीज के बीच खिलाड़ियों को लंबे समय तक फिट रहना होगा। इसी वजह से BCCI ने प्री-सीजन फिटनेस टेस्ट को अहम माना है।
पंत-जडेजा समेत कई बड़े खिलाड़ी पहुंचे CoE
श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रहे ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और यशस्वी जायसवाल फिटनेस टेस्ट के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे। उनके अलावा टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी फिटनेस असेसमेंट में हिस्सा लिया।
रिंकू सिंह, संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ भी टेस्ट देने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे।
इस दौरान खिलाड़ियों की सिर्फ सामान्य फिटनेस ही नहीं परखी गई, बल्कि उनकी स्पीड, स्टैमिना, एजिलिटी और हाई-इंटेंसिटी परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की क्षमता का भी आकलन किया गया।
ब्रोंको टेस्ट में खिलाड़ियों की असली परीक्षा
फिटनेस असेसमेंट में ब्रोंको टेस्ट खास तौर पर चर्चा में रहा। इसमें खिलाड़ियों को 0, 20, 40 और 60 मीटर की दूरी के बीच लगातार शटल रन करना होता है।
पांच सेट पूरे करने के बाद खिलाड़ी कुल 1200 मीटर की दूरी तय करते हैं और इसे 5 मिनट 30 सेकंड के भीतर पूरा करना होता है।
इसके अलावा खिलाड़ियों को 2 किलोमीटर की दौड़ 10 मिनट के अंदर पूरी करनी होती है।
यो-यो टेस्ट का भी तय है मानक
भारतीय क्रिकेट में लंबे समय से चर्चा में रहने वाले यो-यो टेस्ट को भी फिटनेस असेसमेंट का हिस्सा रखा गया है। इसका निर्धारित मानक 16.5 बताया गया है।
इसके साथ खिलाड़ियों की विकेटों के बीच दौड़, स्पीड, एजिलिटी और हाई-इंटेंसिटी ड्रिल्स के जरिए यह जांच की जाती है कि मैच के दौरान लगातार दबाव और शारीरिक मेहनत को वे कितनी अच्छी तरह संभाल सकते हैं।
बुमराह और हार्दिक का फिटनेस टेस्ट अभी नहीं
कुछ बड़े खिलाड़ी फिलहाल इस शुरुआती फिटनेस असेसमेंट से बाहर रहे। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी अभी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया में हैं।
मेडिकल टीम से मंजूरी मिलने के बाद ही उनका फिटनेस असेसमेंट कराया जाएगा।
वहीं मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को फिलहाल शुरुआती टेस्ट से अस्थायी छूट दी गई है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दोनों ने काफी गेंदबाजी की थी। उनके हालिया वर्कलोड को देखते हुए उन्हें आराम दिया गया है।
प्रिंस यादव के लिए राहत की खबर
इंग्लैंड दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अब चोट से उबर चुके हैं। मेडिकल क्लियरेंस के बाद वह चयन के लिए उपलब्ध बताए जा रहे हैं।
आने वाले लंबे क्रिकेट सीजन को देखते हुए तेज गेंदबाजों की फिटनेस भारतीय टीम के लिए काफी अहम रहने वाली है। खिलाड़ियों को अलग-अलग फॉर्मेट में लगातार मुकाबले खेलने हैं, ऐसे में BCCI का यह फिटनेस असेसमेंट आने वाले व्यस्त कार्यक्रम की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

Reporter 