T20 WC Final: IND vs NZ मुकाबले के लिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम तैयार, जानें अहमदाबाद में कैसा रहेगा मौसम
स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले के लिए अहमदाबाद का Narendra Modi Stadium पूरी तरह तैयार है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस खिताबी मुकाबले के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा और इसे देखने के लिए हजारों क्रिकेट फैंस के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।
कड़ी सुरक्षा और हाईटेक निगरानी
फाइनल मुकाबले को देखते हुए स्टेडियम और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब 4000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आसमान से निगरानी के लिए 3 एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं। स्टेडियम के अंदर और बाहर 300 से अधिक CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने फाइनल मुकाबले को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। क्राउड मैनेजमेंट के लिए स्टेडियम के आसपास कई सड़कों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। जनपथ टी-जंक्शन से स्टेडियम के मुख्य गेट तक निजी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। साथ ही कृपा रेजीडेंसी टी-जंक्शन और मोटेरा विलेज टी-जंक्शन के बीच भी ट्रैफिक सीमित रहेगा।
दर्शकों के लिए दो वैकल्पिक रूट
ट्रैफिक जाम से बचने के लिए पुलिस ने दर्शकों को दो वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं। पहला रूट: तपोवन सर्कल – ONGC चौराहा – विसैट टी-जंक्शन – जनपथ टी-जंक्शन – पावरहाउस चौराहा – प्रबोध रावल सर्कल। दूसरा रूट: कृपा रेजीडेंसी – शरण स्टेटस चौराहा – भाट-कोटेश्वर रोड – अपोलो सर्कल।
मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई गई
क्रिकेट फैंस की सुविधा के लिए Gujarat Metro Rail Corporation ने अहमदाबाद मेट्रो की फ्रीक्वेंसी बढ़ा दी है। मैच खत्म होने के बाद दर्शकों को घर पहुंचाने के लिए मेट्रो सेवाएं रात 12:50 बजे तक चलेंगी। मोटेरा स्टेडियम-APMC, ओल्ड हाई कोर्ट इंटरचेंज-वस्त्राल गाम और मोटेरा स्टेडियम-महात्मा मंदिर रूट पर स्पेशल नाइट सर्विस भी चलाई जाएगी।
मैच देखने पहुंचेंगे वीआईपी मेहमान
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए कई बड़ी हस्तियां अहमदाबाद पहुंच रही हैं। देश के केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah भी मैच देखने के लिए शाम करीब 6:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेंगे।
मैच के दौरान कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि मैच शुरू होने के समय तापमान करीब 30 डिग्री रहने का अनुमान है। नमी 30 से 50 प्रतिशत के बीच रह सकती है और हल्की हवा चलने की संभावना है।
पिछली बार टूटा था भारत का सपना
भारतीय फैंस को उम्मीद है कि कप्तान Suryakumar Yadav की अगुवाई में टीम इंडिया इस बार इतिहास रचेगी। इससे पहले 19 नवंबर 2023 को खेले गए वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में भारत को निराशा हाथ लगी थी। ऐसे में फैंस की नजर अब टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर टिकी हुई है।

Reporter 