घोंघा नदी में बहे तीन मासूमों: पुल के नीचे मिला 7 वर्षीय मासूम का शव, तीसरे की तलाश जारी
तखतपुर। तखतपुर के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीन मासूम बच्चों के मामले में रविवार सुबह बड़ी अपडेट सामने आई है। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव नदी में कुछ दूरी पर पुल के नीचे से बरामद कर लिया है। इससे पहले एक अन्य बच्चे का शव भी बरामद हो चुका है। अब तीसरे बच्चे की तलाश जारी है। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बहे तीन बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है। रविवार सुबह करीब 6 बजे से टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल का शव नदी में थोड़ी दूर पुल के नीचे से बरामद किया गया। इससे पहले रिद्धि जायसवाल का शव बरामद हो चुका है।
इस तरह नदी में बहे तीन बच्चों में से अब तक दो बच्चों के शव मिल चुके हैं, जबकि तीसरे मासूम की तलाश अभी भी जारी है। एसडीआरएफ की टीम नदी के बहाव वाले हिस्सों और आसपास के संभावित स्थानों को लगातार खंगाल रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद है और राहत-बचाव अभियान की निगरानी की जा रही है। दो बच्चों के शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है। अब रेस्क्यू टीम का पूरा फोकस तीसरे लापता बच्चे को तलाशने पर है।

Reporter 